लखनऊ/गोरखपुर। उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और निषाद पार्टी के अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद रविवार को गोरखपुर में आयोजित एक रैली के दौरान भावुक हो गए और मंच पर ही फूट-फूटकर रोने लगे। यह रैली महंत दिग्विजयनाथ पार्क में निषाद समुदाय के आरक्षण और अन्य मांगों को लेकर आयोजित की गई थी, जिसमें आसपास के जिलों से हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए। डॉ. संजय निषाद बाइक रैली के जरिए कार्यक्रम स्थल पहुंचे, जहां मंच तक बने रैंप पर समर्थकों ने फूलों की बारिश कर उनका स्वागत किया। संबोधन के दौरान उन्होंने कहा, “आज के दिन मैं आप सभी का अभिनंदन करता हूं। आपने भाड़े वाले नहीं, अखाड़े वाले पहलवान को लाया है। हमें लैला नहीं चाहिए, हम पूरे प्रदेश में रैला निकालेंगे।” उन्होंने खुद को समाज की आवाज और वकील बताते हुए कहा, “आपका बेटा संजय आपके साथ है। सदन में आवाज उठाता हूं तो बुलडोजर चलता है।”
विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सपा ने निषादों को शिक्षा से दूर रखा और बसपा ने उनकी रोजी-रोटी छीनी। “इसका कारण है कि आप लोग गलत बटन दबा देते हैं,” उन्होंने कहा। इसी दौरान वे भावुक हो गए और बोले, “आपके वोट को छीनने की कोशिश हुई,” जिसके बाद वे रो पड़े। भावुक होते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया, “आप हमारा साथ दें, मैं आपके बच्चों की रक्षा करूंगा। 22 मई को हमारे लोग आपके दरवाजे पर जाएंगे, आपको निषाद पार्टी की तख्ती दिखानी होगी।”
