नई दिल्ली। रेल यात्रियों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बीच आईआरसीटीसी ने नई QR कोड आधारित सुविधा शुरू की है। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और पारदर्शी फूड सर्विस उपलब्ध कराना है।
नई व्यवस्था के तहत अब फूड पैकेट्स और वेंडरों के आईडी कार्ड पर QR कोड लगाया जाएगा। यात्री जैसे ही इस कोड को स्कैन करेंगे, उन्हें भोजन से जुड़ी अहम जानकारियां तुरंत मिल जाएंगी। इसमें खाना बनने का समय, पैकिंग की तारीख, संबंधित किचन का नाम, वेंडर की पहचान, उसकी मेडिकल फिटनेस और पुलिस वेरिफिकेशन जैसी जानकारी शामिल होगी। आईआरसीटीसी का मानना है कि इस कदम से अवैध वेंडरों पर रोक लगेगी और यात्रियों को बेहतर गुणवत्ता वाला भोजन सुनिश्चित किया जा सकेगा। इसके साथ ही बेस किचन में फूड सेफ्टी सुपरवाइजर की तैनाती भी की जाएगी, जो साफ-सफाई और खाने की गुणवत्ता पर लगातार निगरानी रखेंगे। रेलवे के इस कदम को यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण सुधार माना जा रहा है।
