डेस्क। भारतीय सिनेमा और थिएटर जगत के वरिष्ठ अभिनेता विजय कृष्णा का 81 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। अपने सधे हुए अभिनय, प्रभावशाली संवाद अदायगी और सौम्य व्यक्तित्व के लिए पहचाने जाने वाले विजय कृष्णा ने पर्दे और मंच दोनों पर अपनी कला की अमिट छाप छोड़ी।
उन्होंने 2002 में संजय लीला भंसाली की फिल्म देवदास में शाहरुख खान के पिता की भूमिका निभाई, जबकि 2010 में फिल्म गुजारिश में भी उनका योगदान यादगार रहा। उनकी फिल्मोग्राफी में गांधी और पीके जैसी फिल्मों में महत्वपूर्ण भूमिकाएं शामिल हैं। हालांकि उन्हें असली पहचान देवदास से मिली, लेकिन साल 2004 में इंग्लिश डांस ड्रामा फिल्म डांस लाइक ए मैन से उन्हें फिल्म उद्योग में खूब सराहना मिली। यह फिल्म महेश दत्तानी के नाटक पर आधारित थी और पामेला रूक्स द्वारा निर्देशित थी। फिल्म को इंग्लिश में बेस्ट फीचर का नेशनल फिल्म अवार्ड भी मिला। उनके निधन का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। इस खबर से कला जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। अभिनेत्री लिलेट दुबे ने सोशल मीडिया पर लिखा, “दिल टूट गया है… हमारे प्यारे विजय कृष्णा… जो 25 वर्षों से अधिक समय तक हमारे थिएटर परिवार और ‘डांस लाइक अ मैन’ का हिस्सा रहे… बहुमुखी प्रतिभा के धनी, एक प्रतिभाशाली अभिनेता और प्रिय मित्र अब हमारे बीच नहीं रहे।”
