वाराणसी: श्री काशी विश्वनाथ धाम परिसर के शंकराचार्य चौक में 4 मार्च को सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए ‘पुष्प होली’ का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष रंगों की जगह केवल फूलों के माध्यम से होली का आनंद लिया जाएगा। उत्सव की तैयारियों को लेकर मंदिर प्रशासन, सीआरपीएफ, निजी सुरक्षा एजेंसियों और सफाई कर्मियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि पुष्प वर्षा के माध्यम से भक्तजन सुरक्षित, सुगम और आध्यात्मिक वातावरण में होली का आनंद ले सकेंगे। सुरक्षा, स्वच्छता और भीड़ प्रबंधन को लेकर विस्तृत योजना बनाई गई है। कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्र ने बताया कि होली पर्व के दिन श्रद्धालुओं के लिए भजन, होली गीत और पारंपरिक नृत्य जैसी सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी आयोजित की जाएँगी। धाम परिसर में पर्याप्त पुलिस बल, सीआरपीएफ और निजी सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाएगी। प्रवेश और निकास द्वारों पर विशेष निगरानी के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरों से सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। स्वच्छता बनाए रखने के लिए निजी सफाई एजेंसी लगातार व्यवस्था करेगी। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि वे केमिकल युक्त रंग, अबीर या किसी हानिकारक सामग्री को साथ न लाएँ। केवल पुष्पों के माध्यम से ही होली का उत्सव मनाया जाएगा, जिससे धाम की पवित्रता, स्वच्छता और संरचना सुरक्षित रहे।
