अभ्यर्थी 22 से 29 नवम्बर की रात्रि 11:59 बजे तक ऑनलाइन लिंक के माध्यम से दर्ज करा सकते हैं अपनी आपत्तियां
लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि आयोग के विज्ञापन संख्या 04/2026 के अंतर्गत सहायक आचार्य (Assistant Professor) चयन परीक्षा की 19 एवं 20 नवम्बर 2026 को संपन्न हुई लिखित परीक्षा के मास्टर सेट की प्रोविजनल (Provisional) उत्तरकुंजी अभ्यर्थियों के अवलोकनार्थ 21 नवम्बर 2026 को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://upessc.up.gov.in पर प्रकाशित कर दी गई है।
आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने प्रश्नगत परीक्षा से संबंधित समस्त अभ्यर्थियों को सूचित करते हुए बताया है कि वे आयोग की वेबसाइट पर प्रदर्शित ऑनलाइन लिंक https://www.upessc.net/ap042026qc/Login.aspx के माध्यम से अपना अनुक्रमांक एवं जन्मतिथि अंकित कर लॉगिन करने के उपरांत मास्टर सेट की प्रोविजनल उत्तरकुंजी के अनुसार अपने उत्तरों का मिलान कर लें। उन्होंने बताया कि यदि किसी अभ्यर्थी को मास्टर सेट की प्रोविजनल उत्तरकुंजी पर कोई आपत्ति हो, तो वे 22 नवम्बर 2026 से 29 नवम्बर 2026 की रात्रि 11:59 बजे तक ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
उत्तरकुंजी पर प्रति प्रश्न आपत्ति दर्ज कराने हेतु ₹100 (रुपये एक सौ मात्र) शुल्क निर्धारित किया गया है। इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि निर्धारित ऑनलाइन लिंक के अतिरिक्त अन्य किसी भी माध्यम से प्राप्त होने वाली आपत्तियों पर आयोग द्वारा विचार नहीं किया जाएगा।
