इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मर्करी हॉल में हुयी योजना के द्वितीय चरण की लॉटरी
लखनऊ। एलडीए ने वेलनेस सिटी योजना के लिए लैंड पूलिंग नीति के तहत भूमि देने वाले काश्तकारों को मंगलवार को लॉटरी के माध्यम से भूखण्डों का आवंटन किया। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मर्करी हॉल में हुये इस लॉटरी ड्रॉ में 214 किसानों को 338 विकसित भूखण्ड आवंटित किये गये।
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनुज सिंह ने बताया कि पारदर्शी प्रक्रिया के तहत काश्तकारों के हाथों से ही लॉटरी की पर्चियां निकलवायी गयीं। योजना में विकसित भूखण्ड मिलने पर काश्तकारों के चेहरे खिल उठे। उन्होंने बताया कि सुलतानपुर रोड व किसान पथ के मध्य 485 हेक्टेयर क्षेत्रफल में वेलनेस सिटी योजना विकसित की जा रही है। इस आवासीय योजना के लिए जिन किसानों एवं भू-स्वामियों ने अपनी भूमि का अनुबंध 20 सितम्बर, 2026 तक प्राधिकरण के पक्ष में कराया था, उन्हें लैंड पूलिंग नीति के तहत 25 प्रतिशत भूमि के समतुल्य विकसित भूखण्ड आवंटित किये गये। इस मौके पर एसडीएम संगीता राघव, प्रभारी अधिकारी-योजना रवि नंदन सिंह, अनु सचिव संजीव कुमार समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
6 श्रेणी के भूखण्डों का हुआ आवंटन
सचिव अतुल कुमार ने बताया कि द्वितीय चरण की इस लॉटरी में 06 श्रेणी के कुल 338 भूखण्ड आवंटित किये गये। इसमें 288 वर्गमीटर के 156, 200 वर्गमीटर के 27, 162 वर्गमीटर के 30, 128 वर्गमीटर के 44, 72 वर्गमीटर के 35 एवं 35 वर्गमीटर के 46 विकसित भूखण्ड शामिल हैं। उन्होंने बताया कि लॉटरी ड्रॉ का यू-ट्यूब चैनल पर लाइव प्रसारण भी किया गया।
प्रथम चरण में 125 भूखण्ड किये गये थे आवंटित
अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि वेलनेस सिटी योजना के लिए लैंड पूलिंग नीति के तहत भूमि देने वाले किसानों को प्रथम चरण में 125 विकसित भूखण्ड आवंटित किये जा चुके हैं। यह प्राधिकरण की पारदर्शी प्रक्रिया व तत्परता को दर्शाता है।
