पल्स पोलियो अभियान को लेकर आयोजित हुई जिला टास्क फोर्स की बैठक
लखनऊ। शून्य से पांच साल तक के बच्चों को पोलियो से बचाव की दवा पिलाने का अभियान 22 से शुरू होगा जो कि 27 दिसंबर तक चलेगा। इसी क्रम में अभियान की तैयारियों को लेकर मंगलवार को जिलाधिकारी कार्यालय में जिलाधिकारी विशाख जी के निर्देशन में जिला टास्क फ़ोर्स की बैठक आयोजित हुआ। इसमें एडीएम वित्त एवं राजस्व रामजी मिश्रा मौजूद रहे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.बी.सिंह ने बताया कि 22 नवम्बर से शुरू होने होने पल्स पोलियो अभियान के तहत 7.30लाख बच्चों को पोलियो से बचाव की दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। पल्स पोलियो अभियान 22 से 27 नवंबर तक चलेगा। 22 नवम्बर को सरकारी विद्यालयों,सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों व आंगनबाड़ी केन्द्रों पर 2783 बूथ लगाकर बच्चों को पोलियो से बचाव की दवा पिलाई जाएगी। इसके साथ ही रेलवे व बस स्टेशन, टैम्पो स्टैंड पर भी बूथ लगाकर दवा पिलाई जाएगी।

23 से 27 नवंबर तक 2204 टीमें घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो से बचाव की दवा पिलायेंगी। अभियान को सफल बनाने के लिए 136 मोबाईल टीमें व 237 ट्रांजिट बूथ बनाए गए हैं और 14 डिविजनल अधिकारी नियुक्त किये गये हैं।
अभियान के तहत ईंट भट्टे पर काम करने वाले, घुमंतू परिवार व निर्माण कार्य में लगे परिवार के बच्चों को भी पोलियो की दवा पिलाना सुनिश्चित किया जायेगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि अभियान को लेकर सभी तैयार लगभग पूरी हो गयी हैं ।इस मौके पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ बी एन यादव, अपर मुख्य चिकित्सा डॉ एम एच सिद्दीकी, डॉ अनिल श्रीवास्तव ,जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ निशांत निर्वाण , जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी योगेश रघुवंशी, समस्त अधीक्षक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा अन्य विभागों के प्रतिनिधि, सहयोगी संस्था के सदस्य मौजूद रहे।
