वर्षा फाउंडेशन में ‘उम्मीद के दीप’ सेवा प्रकल्प के तहत बच्चों और उनके परिवारों को बांटी खुशियां
लखनऊ। इनरव्हील क्लब ऑफ लखनऊ ने आज वर्षा फाउंडेशन में कैंसर से जूझ रहे बच्चों और उनके परिवारों के साथ दीपावली का पर्व प्रेम, अपनत्व और उल्लास के साथ मनाया। ‘उम्मीद के दीप – नन्हे योद्धाओं के संग दीपावली’ नाम से आयोजित इस सेवा प्रकल्प के माध्यम से क्लब सदस्यों ने जरूरतमंद परिवारों के चेहरों पर मुस्कान लाने और बच्चों के जीवन में उम्मीद की नई रोशनी जगाने का प्रयास किया।

हेल्थ एवं हाइजीन किट समेत उपहार वितरित
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को गाउन वितरित किए गए। वहीं, बच्चों को हेल्थ एवं हाइजीन किट, स्टेशनरी, कलरिंग बुक्स, रंग, चॉकलेट, बिस्कुट और जूस के साथ खील-बताशे, खांड के खिलौने एवं मोमबत्तियां भेंट की गईं। उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। इस अवसर पर इनरव्हील क्लब ऑफ लखनऊ की अध्यक्ष कविता अग्रवाल, आईएसओ पल्लवी रस्तोगी और रश्मि खंडेलवाल उपस्थित रहीं।

क्लब की इस पहल का उद्देश्य कैंसर से जूझ रहे बच्चों और उनके परिवारों के साथ दीपावली की खुशियां साझा करना तथा कठिन परिस्थितियों में उनका उत्साह बढ़ाना था। इस सेवा प्रकल्प के जरिए क्लब ने संदेश दिया कि प्रेम, सहयोग और संवेदनशीलता से किसी के जीवन में खुशियों और उम्मीद के दीप जलाए जा सकते हैं।

