नैमिष नगर और वरुण विहार योजना में आवंटित किये भूखण्ड
लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा धनतेरस की संध्या पर शुक्रवार को नैमिष नगर और वरुण विहार योजना के प्रथम चरण के आवेदकों के मध्य 860 भूखण्डों का लॉटरी से आवंटन के साथ समापन किया गया। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में हुई अंतिम दिन की लॉटरी में आवेदकों के हाथों से ही लकी ड्रॉ की पर्चियां निकलवायी गयीं। अपने नाम की पर्ची खुलते ही किसी का चेहरा खिल उठा तो किसी की आंखों में खुशी के आंसू छलक आये।
इस मौके पर अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा एवं सी0पी0 त्रिपाठी, वित्त नियंत्रक अनिल कुमार सिंह, संयुक्त सचिव सोमकमल सीताराम, उप सचिव माधवेश कुमार एवं विशेष कार्याधिकारी राजीव कुमार व रोहित सिंह समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
वरुण विहार में 727 भूखण्डों का आवंटन
अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि शुक्रवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर सभागार में वरुण विहार योजना के प्रथम चरण की लॉटरी ड्रॉ का आयोजन किया गया। अंतिम दिन 162, 288, 300 एवं 450 वर्ग मीटर क्षेत्रफल के 727 भूखण्डों का लॉटरी से आवंटन किया गया।
नैमिष नगर में 133 भूखण्डों का आवंटन
अपर सचिव सी0पी0 त्रिपाठी ने बताया कि शुक्रवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मार्स हॉल में नैमिष नगर योजना के प्रथम चरण की लॉटरी ड्रॉ का आयोजन किया गया। अंतिम दिन 288 एवं 450 वर्ग मीटर क्षेत्रफल के 133 भूखण्डों का लॉटरी से आवंटन किया गया।
यू-ट्यूब पर लॉटरी का लाइव प्रसारण
नैमिष नगर और वरुण विहार योजना के भूखण्डों के लिए 24 सितंबर से 27 अक्टूबर, 2026 के मध्य ऑनलाइन पंजीकरण खोला गया था। दोनों योजनाओं में कुल 38,457 लोगों ने पंजीकरण कराया है। बुधवार को लॉटरी के पहले दिन दोनों योजनाओं के 2,243 भूखण्डों, बृहस्पतिवार को लॉटरी के दूसरे दिन 1,436 भूखण्डों एवं शुक्रवार को लॉटरी के अंतिम दिन 860 भूखण्डों का लकी ड्रॉ खोला गया। जिसमें खुले मंच पर आवेदकों को बुलाकर उन्हीं के हाथों से लॉटरी ड्रॉ की पर्चियां निकलवायी गयी। साथ ही साथ पूरी प्रक्रिया का यू-ट्यूब चैनल पर लाइव प्रसारण भी किया गया।
एलडीए की पारदर्शी प्रक्रिया को सबने सराहा
लॉटरी प्रक्रिया के दौरान सफल आवेदकों में उत्साह देखने को मिला। आवेदकों ने कहा कि एलडीए के माध्यम से जिस पारदर्शिता एवं सुव्यवस्थित तरीके से लॉटरी का आयोजन कराया जा रहा है, वह सराहनीय है। कई आवेदक ऐसे थे, जो यू-ट्यूब पर लाइव प्रसारण में अपना नाम देखकर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान पहुंचे। उन्होंने एलडीए की व्यवस्थाओं की प्रशंसा की और आभार व्यक्त किया।
