इंदिरानगर और चंदरनगर में मिले सबसे अधिक 6-6 मरीज
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में डेंगू का प्रकोप लगातार जारी है। रविवार, 1 नवंबर को जिले में डेंगू के 25 नए धनात्मक मरीज मिले। इनमें इंदिरानगर और चंदरनगर क्षेत्र में सबसे अधिक 6-6 मरीज सामने आए। वहीं, अलीगंज में 5, एनके रोड में 3, चिनहट और सरोजनीनगर में 2-2 तथा रेडक्रास क्षेत्र में एक मरीज मिला है। डेंगू की रोकथाम और बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में सर्वेक्षण एवं जागरूकता अभियान चलाया गया।
मुख्य चिकित्साधिकारी, लखनऊ के निर्देश पर डॉ. हेमंत कुमार, अधीक्षक, नगरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज और डॉ. आसमा, प्रभारी चिकित्साधिकारी, नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फैजुल्लागंज के निर्देशन में 27 टीमों का गठन किया गया। इन टीमों में एनएमए, बीएचडब्ल्यू और क्षेत्रीय आशा कार्यकर्ताओं को शामिल किया गया। टीमों ने श्याम विहार, गौरभीट, हनुमंतपुरम, केशवनगर, प्रीतिनगर, मिल्लतनगर, कृष्णलोक नगर, संत कबीरनगर, लक्ष्मीनगर, दाऊदनगर, मामा कॉलोनी और लोहारमऊ सहित विभिन्न क्षेत्रों में 1465 घरों का स्वास्थ्य सर्वेक्षण किया।
सर्वेक्षण के दौरान लोगों को आवश्यक चिकित्सीय परामर्श और जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई। साथ ही दवाओं, क्लोरीन की गोलियों और ओआरएस पैकेट का वितरण किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने लोगों को मौसमी बीमारियों और वेक्टर जनित रोगों से बचाव के उपायों के बारे में भी जानकारी दी। इसके अलावा क्षेत्र में मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय की टीम और 108 रोगी वाहन की 24 घंटे तैनाती की गई है।
मोबाइल मेडिकल यूनिट ने 69 लोगों को दी चिकित्सा सुविधा
स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल मेडिकल यूनिट ने नया दाऊदनगर में 42 और मिल्लतनगर में 27 लोगों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई। इस तरह कुल 69 लोगों ने मोबाइल मेडिकल यूनिट की सेवाओं का लाभ उठाया।
मच्छरों की ब्रीडिंग रोकने के लिए लोगों को किया जागरूक
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घरों के आसपास पानी जमा नहीं होने देने की अपील की है। पानी की टंकियों और बर्तनों को ढककर रखने तथा प्रत्येक सप्ताह कूलर का पानी खाली कर उसे अच्छी तरह साफ और सूखा करने के बाद ही दोबारा इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। इसके अलावा पुराने टायर, कबाड़, अनुपयोगी कंटेनर और नारियल के खोल में पानी जमा नहीं होने देना चाहिए। बर्ड बाथ और फूलदान का पानी भी हर सप्ताह बदलना जरूरी है।
डेंगू से बचाव के लिए पूरी बांह के कपड़े पहनने की सलाह
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करने, पूरी बांह के कपड़े पहनने और मच्छररोधी क्रीम लगाने की सलाह दी है। विशेष रूप से दिन के समय मच्छरों के काटने से बचाव के उपाय अपनाने को कहा गया है। साथ ही बुखार आने पर स्वयं दवा लेने से बचने और चिकित्सक की सलाह के बाद ही दवा का इस्तेमाल करने की अपील की गई है।
मौसमी बीमारियों से संबंधित जानकारी, सहयोग और सहायता के लिए लोग मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय, लखनऊ के कंट्रोल रूम नंबर 0522-2622080 पर संपर्क कर सकते हैं।
