9.9 KM लंबा ग्रीन कॉरिडोर आईआईएम रोड से नैमिष नगर होते हुए रैथा रोड से कनेक्ट होगा
लखनऊ। किसान पथ से आईआईएम रोड के मध्य आकार ले रहा ग्रीन कॉरिडोर अब सीधा नैमिष नगर से कनेक्ट होगा। इसके लिए आईआईएम रोड (घैला पुल) से नैमिष नगर के बीच 9.9 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर रूट का काम 53 करोड़ रूपये की लागत से शुरू हो गया है।
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने गुरूवार को स्थल निरीक्षण करके विकास कार्यों का जायजा लिया। इसके अंतर्गत 24 मीटर चौड़ी बंधा रोड व लिंक रोड निर्मित की जाएगी। इससे बड़ी आबादी को सुगम यातायात के लिए मुख्य मार्ग उपलब्ध होगा।
नैमिष नगर योजना के ब्रह्म खण्ड व भूमि खण्ड में सड़क निर्माण बरसात से पहले पूरा करने के निर्देश
एलडीए ने नैमिष नगर योजना केे ब्रह्म खण्ड व भूमि खण्ड (फेज-1 एवं 2) में कुल 1673 भूखण्डों के लिए पंजीकरण खोला हुआ है। जिसके दृष्टिगत इन दोनों सेक्टरों में तेजी से विकास कार्य कराये जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने सर्वप्रथम ग्राम-पलहरी में बने साइट ऑफिस में बैठक करके विकास कार्यों की समीक्षा की। इसमें पाया गया कि वर्तमान में कुल 16 निविदाओं के माध्यम से सड़क, सीवर, वॉटर लाइन एवं ड्रेनेज आदि के कार्य कराये जा रहे हैं। स्थल निरीक्षण में सभी स्थानों पर विकास कार्य प्रचलित पाया गया।
उपाध्यक्ष ने निर्देश दिये कि योजना के फेज-1 में आने वाले सभी सेक्टरों में सेक्टोरल रोड का कार्य टेंडर कराकर शुरू करा दिया जाए। साथ ही जिन 02 सेक्टरों में भूखण्डों के लिए पंजीकरण खोले गये हैं, उनमें सड़क निर्माण का कार्य बरसात से पहले पूर्ण करा लिया जाए। निरीक्षण में मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह, एसडीएम संगीता राघव, जोनल अधिकारी अतुल कृष्ण सिंह, अधिशासी अभियंता अजीत कुमार एवं नीरज कुमार, प्रभारी अधिशासी अभियंता विशाल यादव समेत अन्य अधिकारी व अभियंता उपस्थित रहे।
कनेक्टिंग रोड होगी 24 मीटर चौड़ी
आईआईएम से मुबारकपुर चौराहा होते हुए नैमिष नगर योजना को जोड़ने वाली सड़क का चौड़ीकरण कराया जाएगा। वर्तमान में यह सड़क लगभग 10 मीटर चौड़ी है, जबकि उक्त रूट पर ट्रैफिक का काफी लोड रहता है। उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने योजना की कनेक्टिविटी को और अधिक बेहतर बनाने के लिए इस सड़क को 24 मीटर चौड़ी करने के निर्देश दिये हैं।
गांवों में कराये जाएंगे अवस्थापना के कार्य
नैमिष नगर योजना में आ रहे गांवों मेें एलडीए अवस्थापना के कार्य कराएगा। इस क्रम में उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने सबसे पहले भूमि खण्ड एवं ब्रहम खण्ड के बीच आ रहे ग्राम-सैदापुर व कोडरी भौली में विकास कार्य शुरू कराने के निर्देश दिये हैं।
