एलडीए उपाध्यक्ष की पहल पर लगे इस विशेष शिविर की लोगों ने की सराहना
लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण में लगाये गये विशेष निबंधन शिविर में मंगलवार को 107 आवंटियों ने अपने पक्ष में सम्पत्ति की रजिस्ट्री करवायी। बिना किसी भागदौड़ के एक ही पटल पर फाइल तैयार हुयी और वहीं रजिस्ट्री हो गयी तो आवंटियों के चेहरे खिल उठे। लोगों ने एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार की पहल पर आयोजित इस कैम्प की जमकर सराहना की।
अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि प्राधिकरण द्वारा समय-समय पर विभिन्न आवासीय एवं व्यवसायिक सम्पत्तियों का आवंटन किया गया है। जिनमें से कई आवंटियों ने सम्पत्ति की रजिस्ट्री नहीं करायी है। इसे ध्यान में रखते हुए आवंटियों की सहूलियत के लिए 13 अक्टूबर से 15 अक्टूबर, 2026 तक प्राधिकरण भवन के कमेटी हॉल में विशेष निबंधन शिविर लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस विशेष शिविर में प्राधिकरण के अधिकारी एवं कर्मचारियों के साथ ही निबंधन विभाग की टीम भी उपस्थित रहेगी।
शिविर के पहले दिन मंगलवार को बड़ी संख्या में आवंटियों ने प्रतिभाग किया। सुबह 11ः00 बजे से शाम 6ः00 बजे तक चली कार्यवाही के दौरान कुल 107 आवंटियों के पक्ष में सफलतापूर्वक निबंधन की कार्यवाही की गयी। इसमें विभिन्न अपार्टमेंट्स के फ्लैट्स, कानपुर रोड योजना, जानकीपुरम विस्तार, बसन्तकुंज, शारदानगर, गोमती नगर व प्रधानमंत्री आवास योजना समेत अन्य योजनाओं की सम्पत्तियां शामिल हैं। इसमें विशेष रूप से पीएमएवाई, आश्रयहीन एवं ईडब्ल्यूएस भवनों के आवंटियों ने उत्साह दिखाया।उप सचिव माधवेश कुमार ने बताया कि कैम्प में रजिस्ट्री के लिए कई नये आवेदन भी आए हैं, जिसके लिए फाइलें तैयार करायी जा रही हैं। वहीं, जिन आवंटियों ने अभी तक रजिस्ट्री के लिए आवेदन नहीं किया है, उन्हें नोटिस भेजी जाएगी।
