वेबसाइट www.scvtup.in से रैंक कार्ड डाउनलोड कर जमा करें अभ्यर्थी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में सत्र 2026-2027 के तहत रिक्त सीटों के सापेक्ष पंचम चरण की प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। चतुर्थ चरण के उपरांत बची हुई रिक्त सीटों के लिए पूर्व पंजीकृत अभ्यर्थियों तथा नवीन ऑनलाइन आवेदकों की शैक्षिक अर्हता के अनुसार मेरिट सूची संबंधित राजकीय आईटीआई को उपलब्ध करा दी गई है। इस संबंध में व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता विभाग के विशेष सचिव एवं राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद (एससीवीटी) के अधिशासी निदेशक अभिषेक सिंह द्वारा विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
विशेष सचिव अभिषेक सिंह ने बताया कि प्रदेश के राजकीय संस्थानों में रिक्त सीटों पर प्रवेश हेतु अभ्यर्थियों से 11 अक्टूबर 2026 तक नवीन विकल्प एवं ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे। जनपद स्तरीय चयन प्रक्रिया के अंतर्गत अभ्यर्थी अपने स्थायी (गृह जनपद) अथवा अस्थायी पते से संबंधित जनपद के राजकीय आईटीआई की सीटों में प्रवेश के लिए पात्र होंगे।
प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी एससीवीटी की आधिकारिक वेबसाइट www.scvtup.in पर जाकर “पंचम चरण के लिए रैंक” लिंक पर क्लिक करें। वहां पूर्व पंजीकृत अथवा नवीन आवेदनकर्ता के विकल्प का चयन करते हुए अपनी पंजीकरण संख्या व जन्मतिथि दर्ज कर रैंक कार्ड प्राप्त करें। अभ्यर्थी अपने रैंक कार्ड का प्रिंट आउट निकालकर उस पर हस्ताक्षर करें और 13 अक्टूबर से 15 अक्टूबर 2026 के मध्य संबंधित जनपद के किसी भी राजकीय संस्थान (विशेषकर नोडल राजकीय आईटीआई) में अनिवार्य रूप से जमा कराएं।
16 अक्टूबर तक पूर्ण होगी चयन प्रक्रिया
राजकीय संस्थानों में सीट आवंटन के दौरान सर्वप्रथम पूर्व पंजीकृत गैर-चयनित अभ्यर्थियों को अवसर दिया जाएगा। इसके पश्चात उपलब्ध शेष रिक्त सीटों के सापेक्ष नवीन ऑनलाइन आवेदकों की मेरिट सूची से ट्रेड/व्यवसाय आवंटन की कार्यवाही पूरी की जाएगी। जनपद स्तर पर गठित चयन समिति द्वारा 16 अक्टूबर 2026 तक प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करते हुए अनुमोदित सूची संस्थान के सूचना पट्ट पर चस्पा की जाएगी।
संस्थानों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अभ्यर्थियों के मूल अभिलेखों यथा शैक्षिक योग्यता, जाति प्रमाण पत्र आदि की गहन जांच के उपरांत ही प्रवेश सुनिश्चित करें। इसके साथ ही राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में प्रवेशित सभी अभ्यर्थियों का डाटा 17 अक्टूबर 2026 की रात्रि 12:00 बजे तक एससीवीटी पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड एवं सत्यापित किया जाना सुनिश्चित किया जाएगा।
