जेहटा, दाऊदनगर और फैजुल्लागंज में स्वास्थ्य टीमों ने किया निरीक्षण
लखनऊ। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बनाए रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार क्षेत्र का दौरा कर रही हैं। बुधवार को मुख्य चिकित्साधिकारी लखनऊ डॉ. एन.बी. सिंह और जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी योगेश चन्द्र रघुवंशी ने जेहटा और दाऊदनगर समेत प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और लोगों को मिल रही चिकित्सा सेवाओं का जायजा लिया।

मुख्य चिकित्साधिकारी ने यासीनबाग में संचालित मेडिकल मोबाइल यूनिट का भी निरीक्षण किया। इस यूनिट के माध्यम से प्रभावित क्षेत्र के लोगों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अलावा सीएमओ के निर्देश पर अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बी.एन. यादव और उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. निशान्त निर्वाण ने दाऊदनगर में भ्रमण कर बाढ़ राहत चिकित्सा शिविर की व्यवस्थाओं की निगरानी की।
काकोरी में 73 घरों का सर्वेक्षण, स्वास्थ्य किट बांटी
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र काकोरी की टीम ने अधीक्षक डॉ. के.डी. मिश्रा के निर्देशन में धनसिंह खेड़ा में घर-घर पहुंचकर स्वास्थ्य स्थिति का जायजा लिया। टीम ने 73 घरों का निरीक्षण करने के साथ 73 स्वास्थ्य किट वितरित कीं।
फैजुल्लागंज में 51 घरों का स्वास्थ्य सर्वे
फैजुल्लागंज क्षेत्र में भी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घर-घर सर्वेक्षण किया। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आसमा के नेतृत्व में आशा और एएनएम की टीम ने लोकनगर तथा संतकबीरनगर में 51 घरों का स्वास्थ्य सर्वे किया। लोगों को जरूरी दवाएं, क्लोरीन की गोलियां और ओआरएस पैकेट उपलब्ध कराए गए। साथ ही बाढ़ के बाद होने वाली बीमारियों और उनसे बचाव के तरीकों के बारे में जागरूक किया गया।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यासीनबाग में मेडिकल मोबाइल यूनिट ने 42 लोगों और संतकबीरनगर में 65 लोगों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई। प्रभावित इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 108 एंबुलेंस के साथ सीएमओ कार्यालय का कंट्रोल रूम भी 24 घंटे सक्रिय रखा गया है।
मच्छरों से बचाव के लिए लोगों को किया जा रहा जागरूक
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में वेक्टर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग लोगों को मच्छरों की ब्रीडिंग रोकने के उपाय बता रहा है। लोगों से घर और आसपास पानी जमा नहीं होने देने, पानी की टंकियों और बर्तनों को ढककर रखने तथा कूलर का पानी नियमित रूप से बदलने की अपील की गई है। पुराने टायर, कबाड़, टूटे बर्तन, बोतल और अन्य ऐसे सामान में पानी जमा न होने देने की सलाह दी गई है, जहां मच्छरों का प्रजनन हो सकता है।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सोते समय मच्छरदानी लगाने, पूरी बांह के कपड़े पहनने और आवश्यकता के अनुसार मच्छररोधी क्रीम का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। बुखार या अन्य बीमारी के लक्षण होने पर खुद से दवा लेने के बजाय चिकित्सक से परामर्श लेने को कहा गया है।
मौसमी बीमारियों से संबंधित जानकारी, सहायता या स्वास्थ्य सेवाओं के लिए लोग मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय लखनऊ के कंट्रोल रूम नंबर 0522-2622080 पर संपर्क कर सकते हैं।
