अभ्यर्थी परिषद की वेबसाइट www.scvtup.in पर 11 अक्टूबर मध्यरात्रि तक कर सकते हैं आवेदन
लखनऊ। राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद (एस.सी.वी.टी.), उत्तर प्रदेश द्वारा प्रदेश के राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आई०टी०आई०) में प्रशिक्षण सत्र 2026-27 के पंचम चरण की प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। चतुर्थ चरण की प्रवेश प्रक्रिया 03 अक्टूबर 2026 को संपन्न होने के उपरांत रिक्त बची सीटों के सापेक्ष राजकीय आई०टी०आई० के पूर्व पंजीकृत अभ्यर्थियों से नवीन विकल्प तथा राजकीय व निजी संस्थानों हेतु नवीन अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
UP ITI Admission 2026: 11 अक्टूबर तक आवेदन, जानें फीस और पूरी प्रक्रिया
व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता विभाग के अधिशासी निदेशक (एस.सी.वी.टी.) अभिषेक सिंह ने बताया कि राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों की प्रवेश प्रक्रिया के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय चरण में अचयनित अथवा चयनित होने के बाद भी प्रवेश से वंचित अभ्यर्थी वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से अपनी पंजीकरण संख्या एवं जन्मतिथि दर्ज कर रिक्त व्यवसायों व इच्छित संस्थानों का पुनरीक्षित विकल्प भर सकते हैं। इसके साथ ही लिंग, उपवर्ग एवं शैक्षिक अर्हता को भी पुनः पंजीकृत किया जा सकता है। यदि अभ्यर्थी द्वारा नवीन विकल्प पंजीकृत नहीं कराया जाता है, तो उनके मूल आवेदन में दिए गए विकल्पों के आधार पर ही पंचम चरण की सीट आवंटन प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। इसके अतिरिक्त राजकीय संस्थानों में पूर्व में प्रवेशित किंतु किन्हीं कारणों से नाम कटा चुके अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि राजकीय एवं निजी संस्थानों के लिए नए सिरे से आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को वेबसाइट पर जाकर पहले अपना फॉर्म भरना होगा। इसके पश्चात डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, इंटरनेट बैंकिंग अथवा यूपीआई के माध्यम से यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के पेमेंट गेटवे से ऑनलाइन शुल्क का भुगतान कर आवेदन पत्र का प्रिंट आउट प्राप्त किया जा सकेगा।
पंजीकरण शुल्क के रूप में सामान्य एवं पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों हेतु 300 रुपये, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों हेतु 250 रुपये तथा समस्त महिला अभ्यर्थियों हेतु 100 रुपये निर्धारित किया गया है। यह पूरी ऑनलाइन आवेदन एवं विकल्प भरने की प्रक्रिया दिनांक 06 अक्टूबर 2026 से 11 अक्टूबर 2026 की रात्रि 12:00 बजे तक उपलब्ध रहेगी।
ITI की रिक्त सीटों का विवरण वेबसाइट और संस्थानों पर उपलब्ध
अधिशासी निदेशक ने बताया कि चतुर्थ चरण के बाद रिक्त सीटों का जनपदवार, संस्थानवार एवं व्यवसायवार विवरण परिषद की अधिकृत वेबसाइट www.scvtup.in पर देखा जा सकता है अथवा संबंधित संस्थानों के कार्यालय से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने प्रदेश के समस्त राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों को कड़े निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने संस्थानों में रिक्त सीटों की व्यवसायवार अद्यतन स्थिति अनिवार्य रूप से सार्वजनिक सूचना पट पर प्रदर्शित करना सुनिश्चित करें, जिससे अभ्यर्थियों को विकल्प चयन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
