लार थाना क्षेत्र के भीकम छपरा गांव में सड़क पर ब्रेकर निर्माण को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट
संजय मिश्र।
देवरिया। जनपद के लार थाना क्षेत्र के भीकम छपरा गांव में सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाने को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल 50 वर्षीय रामेश्वर तिवारी की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, भीकम छपरा गांव में सड़क पर ब्रेकर निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान रामेश्वर तिवारी पुत्र स्वर्गीय जयमंगल तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक देवरिया अभिजीत आर. शंकर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली और थाना प्रभारी लार को आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
क्षेत्राधिकारी सलेमपुर गौरव सिंह के अनुसार, मृतक की पत्नी अमृता देवी की तहरीर पर छह नामजद आरोपियों—संजय तिवारी पुत्र श्याम नारायण तिवारी, दीपक तिवारी व प्रांजल तिवारी पुत्र स्वर्गीय विनोद तिवारी, अभिजीत तिवारी व आदित्य तिवारी पुत्र संजय तिवारी तथा निखिल तिवारी पुत्र उत्तम तिवारी—के अलावा 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि सभी ने जान से मारने की नीयत से रामेश्वर तिवारी पर हमला किया था।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर लार थाने में मुकदमा अपराध संख्या 291/26 दर्ज कर सुसंगत धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस टीमों द्वारा संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
