अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा महिला सम्मान, सुरक्षा और सशक्तीकरण की ऐतिहासिक पहल
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं को सुरक्षित, सुगम एवं सम्मानजनक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा का शुभारंभ एवं विशेष बसों का फ्लैग ऑफ किया। इस योजना के अंतर्गत 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर माताओं, बहनों एवं बेटियों के लिए विशेष रूप से निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई गई है तथा महिला यात्री के साथ एक सहयात्री को भी निःशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई है।
60+ महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा ऐतिहासिक पहल: ओम प्रकाश राजभर
गाजीपुर के रायफल क्लब सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पंचायती राज एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि रक्षाबंधन के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश की माताओं और बहनों को दिया गया यह उपहार महिला सम्मान और सशक्तीकरण की सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को अनवरत निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा प्रदान करना एक ऐतिहासिक एवं संवेदनशील पहल है। इससे वरिष्ठ महिलाओं को अपने पारिवारिक, सामाजिक एवं आवश्यक कार्यों के लिए आवागमन में आर्थिक राहत मिलेगी और उनका जीवन अधिक सुगम होगा।
ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में महिलाओं और बेटियों के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश की आधी आबादी को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे अपनी बेटियों को शिक्षित करें और उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
ओम प्रकाश राजभर ने बताया अहिल्याबाई यात्रा को महिला सम्मान का प्रतीक
पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर का जीवन महिला शक्ति, लोकसेवा और जनकल्याण का प्रेरणास्रोत है। उनके नाम पर शुरू की गई यह यात्रा वरिष्ठ महिलाओं के सम्मान और सुविधा को समर्पित एक सार्थक पहल है। यह केवल निःशुल्क यात्रा की योजना नहीं, बल्कि प्रदेश की मातृशक्ति के प्रति सरकार की संवेदनशीलता और सम्मान का प्रतीक है।इसके साथ ही उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर भी तीन दिनों तक महिलाओं को परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलने से बहनों को अपने मायके जाने और अन्य स्थानों तक आवागमन में आर्थिक राहत मिलेगी। महिला यात्री के साथ एक सहयात्री को भी निःशुल्क यात्रा की सुविधा दिए जाने से यह पहल और अधिक उपयोगी हो गई है।
कार्यक्रम में राज्य सभा सांसद संगीता बलवंत, विधायक जखनियां बेदी राम, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की इस पहल की सराहना की। इस दौरान जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, जिलाध्यक्ष सुभासपा सुरेंद्र राजभर, परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, डीसी एनआरएलएम, एआरएम रोडवेज सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
