पूजन, हवन, रामकथा और भंडारे में उमड़े श्रद्धालु
संजय मिश्र।
देवरिया। भाटपार रानी तहसील क्षेत्र के ग्राम बनकटा मिश्र में स्थित श्री रैनाथ ब्रह्म बाबा महाराज जी का वार्षिक पूजनोत्सव शुक्रवार, 14 अगस्त 2026 को श्रावण शुक्ल द्वितीया के शुभ अवसर पर श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान विधि-विधान से पूजन, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन तथा आरती का आयोजन किया गया। बाबा के जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा।
तीन दिवसीय श्रीरामचरितमानस प्रवचन से हुआ शुभारंभ
पूजनोत्सव का शुभारंभ 11 अगस्त से हुआ। लगातार तीन दिनों तक प्रतिदिन शाम 7 बजे से रात 9 बजे तक मानस कोकिला श्रीमती विजया लक्ष्मी शुक्ला ने श्रीरामचरितमानस पर प्रवचन किया। रामकथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कार, सदाचार और मर्यादा का संदेश दिया गया।
ब्राह्मण भोज और विशाल भंडारे में उमड़े श्रद्धालु
पूजनोत्सव के समापन अवसर पर ब्राह्मण भोज के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। बाबा के दर्शन-पूजन के बाद श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। बनकटा मिश्र सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य लोग आयोजन में शामिल हुए।
ज्ञानचंद मिश्र की अध्यक्षता में हुआ आयोजन
वार्षिक पूजनोत्सव का आयोजन ज्ञानचंद मिश्र की अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर संरक्षक योगेश्वर जी मिश्र, शशि मौली मिश्र, अरुणेश मिश्र, महामंत्री राघवेंद्र जी मिश्र, सदस्य लोकेश जी मिश्र, अमित मिश्र, वाशु मिश्र, बबलू मिश्र, रजत कुमार मिश्र तथा वीरेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
पूजनोत्सव में दिघवा, जिगिना, बेलौरा, बैरिया, खलवा, दमकिया, शीशई, बिंदवलिया मिश्र, अलावलपुर, केतलिया, अमरपुर, केवटलिया, उकरेड़ी, ब्रह्मपुर, ऋचापार,प्यासी, कोडरा सहित आसपास के तमाम गांवों से वत्स गोत्रीय समाज के हजारों श्रद्धालु शामिल हुए।

सामाजिक एकता और समरसता का संदेश
इस अवसर पर ज्ञानचंद मिश्र ने कहा कि श्री रैनाथ ब्रह्म बाबा महाराज जी क्षेत्र की जनआस्था के प्रमुख केंद्र हैं। प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला यह धार्मिक अनुष्ठान श्रद्धालुओं में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करने के साथ ही सामाजिक एकता, भाईचारे और समरसता को मजबूत करता है। पूजनोत्सव को सफल बनाने में ग्रामवासियों ने तन-मन-धन से सहयोग किया। पूरे आयोजन के दौरान बनकटा मिश्र गांव में धार्मिक उत्साह एवं भक्तिमय वातावरण बना रहा।

Like